Friday, 11 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पलवल में फर्जी सेल टैक्स अधिकारी बन ट्रक लूटा:आंखों पर गमछा बांध किया अगुवा, राजस्थान की पहाड़ियों में छोड़कर भागे बदमााश

INT News11 September 2026 at 03:57 pm

पलवल में फर्जी सेल टैक्स अधिकारी बनकर बदमाशों ने 41 मीट्रिक टन सरिए से भरा एक ट्रक लूट लिया। लुटेरों ने ड्राइवर को अपनी गाड़ी में अगवा कर उसकी आंखों पर गमछा बांध दिया और राजस्थान की पहाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना पलवल पुलिस को विकासपुरी (दिल्ली) निवासी लोहा कारोबारी योगेश गुप्ता ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने झारखंड ट्रांसपोर्ट कंपनी से 18 टायर वाला एक ट्रक (ट्राला) किराए पर लिया था। इसका मालिक और ड्राइवर झारखंड के कोडरमा जिले के चितलोड़ी गांव का मुबारक खान था। बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी ने किया पीछा मुबारक खान अपने ट्रक में 41.4 मीट्रिक टन सरिया भरकर गुरुग्राम के लिए चला था। वह यमुना एक्सप्रेस-वे से टप्पल (यूपी) होते हुए पलवल-अलीगढ़ मार्ग से केएमपी फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की सफेद बोलेरो गाड़ी उसका पीछा करने लगी। देर रात करीब साढ़े 12 बजे जब ट्रक पलवल-सोहना रोड पर हुडा सेक्टर-दो के मोड़ पर पहुंचा, तो बोलेरो सवार लोगों ने ओवरटेक कर उसे रुकवा लिया। उन्होंने खुद को सेल टैक्स विभाग का अधिकारी बताया और कागजात मांगने लगे। जब ड्राइवर मुबारक खान को उन पर शक हुआ और उसने दूसरे ट्रक ड्राइवर को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे जबरन गाड़ी से नीचे खींच लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर मुबारक खान को अपनी बोलेरो में डाल लिया। उसकी आंखों पर गमछा बांधकर उसका पर्स और मोबाइल लूट लिया। ड्राइवर को राजस्थान में छोड़कर हुए फरार इसके बाद दो आरोपी सरियों से भरे ट्रक लेकर फरार हो गए। बाकी तीन आरोपी उसे (मुकाबरक खान को) अपनी गाड़ी से राजस्थान के पिरुका गांव की पहाड़ियों में ले गए और वहां जान से मारने की धमकी देकर छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर वह नजदीकी थाने पहुंचा और मालिक को सूचना दी। सूचना मिलने पर मालिक पलवल पहुंचा और इसकी लिखित शिकायत शहर थाना की हथीन गेट पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लूटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उनकी टीम लूटरों की तलाश में जुटी हुई है, जल्द ही सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।