Friday, 11 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रायगढ़ में गिरोह बनाकर राहगिरों से लूटपाट:नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मोबाइल-कैश और बाइक जब्त किया

INT News11 September 2026 at 03:48 pm

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में युवक गिरोह बना कर राहगिरों से लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। जिसके बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की और नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पकड़े जाने से दो लूट का खुलासा हुआ है। उनके पास से पुलिस ने मोबाइल-कैश और बाइक जब्त किया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पहले मामले में बुधवार को गेल्वे कंपनी के सेल्समैन गोविंद सिंह धुर्वे उम्र 18 साल निवासी मजगांवा, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर मध्यप्रदेश ने थाना कोतरारोड में रिपोर्ट दर्ज कराया था। उसने बताया कि मंगलवार को किरोड़ीमलनगर रेलवे लाइन किनारे विमल उरांव अपने 6-7 साथियों के साथ तीन मोटरसाइकिलों में पहुंचा और पैसे की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर युवकों ने गोविंद और उसके साथी नरेश सिंह का मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर युवकों ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद नरेश के मोबाइल से एक दुकान पर 4000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और मोबाइल वापस कर दिया। इसके बाद युवक वहां से फरार हो गए। घटना के बाद मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरे मामले में मोबाइल व पर्स लूटकर फरार

दूसरे मामले में गेल्वे के ही एक और सेल्समैन का काम करने वाले आर्यन बंजारे उम्र 21 साल निवासी अटल चैक के पास किरोड़ीमलनगर ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंगलवार की शाम को वह रेलवे स्टेशन की ओर घूमने जा रहा था। रेलवे स्टेशन चैक के पास लाल रंग की पल्सर और एक अन्य बाइक में सवार 6-7 युवक पहुंचे और उसके साथ मारपीट कर उसका मोबाइल व पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में पैन कार्ड और आधार कार्ड भी रखे थे। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में भी अपराध दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की।

पूछताछ में गिरोह का हुआ खुलासा

दोनों घटनाओं की सूचना के बाद पुलिस ने किरोड़ीमलनगर क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की। तब पुलिस को जानकारी मिली कि विमल उरांव और उसके साथी क्षेत्र में आए दिन लोगों से लूटपाट करते हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विमल व उसके साथियों को किरोड़ीमल क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि पीड़ित के साथी नरेश सिंह से ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए 4000 रुपये में से 1000 रुपये बची रकम का आपस में बंटवारा किया गया था।

आरोपियों से मोबाइल-कैश बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक जावा मोटरसाइकिल और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। लूट का पोको मोबाइल आरोपी विमल उरांव से व ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई रकम में से बची 1000 रुपये की राशि नाबालिग से बरामद की गई। प्रकरण में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक पाए जाने पर धारा 309(6), 3(5) BNS को विलोपित कर धारा 310(2) BNS के तहत डकैती का अपराध जोड़ा गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

मामले में पुलिस ने विमल उरांव 22 साल निवासी कोसमपाली गोदामडिपा, रितेश कुमार महंत उर्फ गोल्डी 21 साल निवासी कोसमपाली अटल चौक, दुर्गेश चैहान 19 साल निवासी गोदामडिपा कोसमपाली, बिट्टू उर्फ विवेक पटैल 22 साल निवासी गणेश चौक किरोड़ीमलनगर, महावीर पटैल 19 साल निवासी गणेश चौक किरोड़ीमलनगर, ऋषि चैहान 19 साल निवासी गोदामडिपा कोसमपाली व नाबालिग को पकड़ा गया। मामले में सभी आरोपियों को डकैती के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।