Friday, 11 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

वासुदेव शर्मा बने उकलाना मार्केटिंग सोसायटी के चेयरमैन:देवीलाल शर्मा बने वाइस चेयरमैन, चुनाव सर्वसम्मति से चुना; भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

INT News11 September 2026 at 03:57 pm

हिसार जिले में ‘द उकलाना मंडी कोऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी’ के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए शुक्रवार को चुनाव करवाया गया। चुनाव में वरिष्ठ भाजपा नेता वासुदेव शर्मा को सर्वसम्मति से चेयरमैन और देवीलाल शर्मा को वाइस चेयरमैन चुना गया। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित चेयरमैन और वाइस चेयरमैन उकलाना मंडी में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के पूर्व चेयरमैन श्रीनिवास गोयल के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनूप धानक, वाइस चेयरमैन आनंद जैन, पूर्व चेयरमैन रामफल नैन सहित अन्य भाजपा नेताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। सर्वसम्मति से चुनाव भाजपा की बड़ी उपलब्धि: गोयल वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल ने कहा कि सोसायटी के सभी डायरेक्टरों ने एकमत होकर वासुदेव शर्मा को चेयरमैन और देवीलाल शर्मा को वाइस चेयरमैन चुना है। उन्होंने कहा कि दोनों पदाधिकारी किसानों और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सोसायटी के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। गोयल ने बताया कि नवनिर्वाचित वाइस चेयरमैन देवीलाल शर्मा को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि वीरवार को उकलाना नगरपालिका में भाजपा समर्थित वाइस चेयरमैन चुना गया था और शुक्रवार को मार्केटिंग सोसायटी में भी चेयरमैन व वाइस चेयरमैन पद पर भाजपा समर्थित लोगों की नियुक्ति हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है और सभी वर्गों का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। भाजपा के प्रति बढ़ रहा लोगों का विश्वास: धानक पूर्व मंत्री अनूप धानक ने कहा कि मार्केटिंग सोसायटी के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव किया जाना भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लोग लगातार भाजपा के प्रति अपना विश्वास व्यक्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। किसानों और व्यापारियों के हित में करेंगे काम नवनिर्वाचित चेयरमैन वासुदेव शर्मा और वाइस चेयरमैन देवीलाल शर्मा ने सर्वसम्मति से चुने जाने पर सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने पार्टी हाईकमान और सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे मार्केटिंग सोसायटी की नीतियों को आगे बढ़ाने के साथ किसानों और व्यापारियों के हित में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता रामपाल, वाइस चेयरमैन आनंद जैन, वाइस चेयरमैन हरीश गर्ग, पार्षद परवीन गर्ग, प्रमोद गोयल, राममिलन शर्मा, संदीप कुंडू, सुरजीत ख्यालिया, जसबीर श्योराण, जयसिंह बलोदा सहित अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।