समाचार · छत्तीसगढ़
त्योहारी-सीजन को देखते हुए पटना-चर्लपल्ली स्पेशल अब दिसंबर तक चलेगी:बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में ठहराव; 10 ट्रेनों का समय भी बदला
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई बड़े बदलाव किए हैं। पटना-चर्लपल्ली-पटना के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन का परिचालन 2 दिसंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। 22 कोच की इस ट्रेन का बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में ठहराव रहेगा। इसके अलावा घाटशिला स्टेशन पर गीतांजली एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव 11 सितंबर से शुरू होगा। वहीं, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से जुड़ी 10 ट्रेनों के पुरी और भुवनेश्वर पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है। पटना-चर्लपल्ली स्पेशल के फेरे बढ़ाए त्योहारी सीजन में कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बढ़ाया गया है। गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल 21 सितंबर से 30 नवंबर तक 21 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन सोमवार और बुधवार को चलेगी। गाड़ी संख्या 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 25 सितंबर से 27 नवंबर तक 10 फेरे लगाएगी। इसका संचालन हर शुक्रवार को होगा। वहीं गाड़ी संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 23 सितंबर से 2 दिसंबर तक 11 फेरे लगाएगी और हर बुधवार को चलेगी। बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया से मिल सकेगी सुविधा इन स्पेशल ट्रेनों का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव है। इन स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सफर कर सकेंगे। ट्रेन में कुल 22 कोच रहेंगे। इनमें 1 पावर कार, 1 एसएलआरडी, 2 जनरल, 4 स्लीपर, 7 एसी-3 और 7 एसी-3 इकोनॉमी कोच शामिल हैं। घाटशिला में 4 ट्रेनों को मिलेगा ठहराव यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के घाटशिला स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली गीतांजली एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव शुरू किया जा रहा है। यह सुविधा 11 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक जारी रहेगी। सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजली एक्सप्रेस घाटशिला में सुबह 9:44 बजे पहुंचेगी और 9:45 बजे रवाना होगी। हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजली एक्सप्रेस शाम 4:31 बजे पहुंचेगी और 4:32 बजे रवाना होगी। पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस रात 1:07 बजे घाटशिला पहुंचेगी और 1:08 बजे रवाना होगी। हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस रात 12:31 बजे पहुंचेगी और 12:32 बजे रवाना होगी। पुरी जाने वाली 9 ट्रेनों के पहुंचने का समय बदला ईस्ट कोस्ट रेलवे ने पुरी और भुवनेश्वर पहुंचने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित 9 ट्रेनों के पुरी पहुंचने के समय में संशोधन किया गया है। बदलाव अलग-अलग तारीखों से लागू होंगे। उत्कल एक्सप्रेस अब पुरी 3:35 बजे पहुंचेगी, जबकि पहले इसका समय 3:25 बजे था। जोधपुर-पुरी एक्सप्रेस अब 10:45 बजे, इंदौर-पुरी हमसफर एक्सप्रेस 19:00 बजे और एलटीटी-पुरी एक्सप्रेस 6:45 बजे पहुंचेगी। अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस का संशोधित समय 6:45 बजे और दूसरी अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस का समय 8:35 बजे किया गया है। अजमेर-पुरी और सूरत-पुरी एक्सप्रेस अब 15:05 बजे पहुंचेंगी। गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस का भी पहुंचने का समय 15:05 बजे रहेगा। एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 15 मिनट देर से पहुंचेगी एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस के भुवनेश्वर पहुंचने के समय में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 12879 अब 7:15 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी, जबकि पहले इसका समय 7:00 बजे था। रेलवे के मुताबिक इन ट्रेनों के रास्ते के दूसरे स्टेशनों पर समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।