समाचार · पंजाब
न्यूजीलैंड में तीन पंजाबी मूल के युवाओं की मौत:तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर रेस्टोरेंट में घुसी, लोग बाल-बाल बचे; सिख संस्थाओं ने जताया खेद
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित टकानिनी इलाके में दिवाली की रात एक सड़क हादसे में तीन पंजाबी मूल के युवाओं की मौत हो गई। ग्रेट साउथ रोड पर बेहद तेज गति से जा रही एक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बने 'बर्गरफ्यूल' रेस्टोरेंट में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। न्यूजीलैंड की सेंट्रल सिख एसोसिएशन और 'सुप्रीम सिख सोसाइटी' के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पुष्टि की है। दलजीत सिंह ने कहा कि मारे गए तीनों युवा पंजाबी भारतीय मूल के थे, जिनमें दो लड़के और एक लड़की शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली की रात हुई इस त्रासदी ने पूरे पंजाबी समुदाय को गहरे शोक में डाल दिया है। पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को रविवार रात करीब 10.15 बजे हादसे की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची मेडिकल टीम ने कार सवार तीनों युवाओं को मृत घोषित कर दिया। गनीमत यह रही कि हादसा जिस समय हुआ, रेस्टोरेंट ग्राहकों के लिए बंद हो चुका था। हालांकि अंदर कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन इमारत के अंदर किसी को कोई चोट नहीं आई। दलजीत सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि सिख संस्थाएं पीड़ित परिवारों के लगातार संपर्क में हैं। परिवारों की अंतिम इच्छा के अनुसार तीनों युवाओं के पार्थिव शरीर भारत (पंजाब) भेजे जाएंगे। औपचारिक पहचान और पुलिस जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की जानकारी और समुदाय से सहायता जुटाने का काम किया जाएगा। फिलहाल न्यूजीलैंड पुलिस की 'सीरियस क्रैश यूनिट' दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऐसे हुआ कार एक्सीडेंट, जानिए... मामले से जुड़ी 5 प्रमुख बातें: 1. दिवाली की रात घटी त्रासदी: यह भीषण दुर्घटना रविवार रात करीब 10.15 बजे हुई, जब पूरा समुदाय दिवाली का त्योहार मना रहा था। हादसे में मारे गए तीनों युवा पंजाबी मूल के थे। 2. रॉन्ग साइड ओवर स्पीड: प्रत्यक्षदर्शी डिलीवरी ड्राइवर के अनुसार, कार हादसे से ठीक पहले गलत लेन में 100 किमी/घंटा से ज्यादा की रफ्तार से फर्राटा भर रही थी और दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले अन्य गाड़ियों से टकराने से बची थी। 3. कर्मचारी बाल-बाल बचे: कार फुटपाथ और बाड़ को तोड़ते हुए रेस्टोरेंट की दीवार में जा घुसी। रेस्टोरेंट बंद होने के कारण अंदर मौजूद स्टाफ सुरक्षित बच गया, लेकिन इमारत और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। 4. भारत भेजे जाएंगे तीनों के पार्थिव शरीर: सुप्रीम सिख सोसाइटी के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि परिजनों की इच्छानुसार तीनों युवाओं के शवों को भारत भेजा जाएगा। सिख समुदाय परिवारों की हर संभव सहायता कर रहा है। 5.सीरियस क्रैश यूनिट कर रही जांच: न्यूजीलैंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हादसे से पहले कार चोरी की नहीं थी और न ही पुलिस उनका पीछा कर रही थी। फिलहाल औपचारिक पहचान और हादसे की परिस्थितियों की गहराई से जांच जारी है।