Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

कुरुक्षेत्र धान घोटाले में दूसरी FIR, CSC संचालक पर केस:गुरुद्वारे की जमीन का कराया फर्जी पंजीकरण, मंडी में बेची फसल; भाकियू बोली- पत्नी-मुनीम भी मिले हुए

INT News11 November 2026 at 09:42 am

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में धान घोटाले के मामले में पुलिस ने दूसरी FIR दर्ज की है। इस बार CSC सेंटर संचालक विजय कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप लगाया कि विजय ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर किसानों की जमीन का फर्जी तरीके से अपने नाम पंजीकरण करवाकर मंडी में धान बेच दिया। इससे पहले थाना सदर पिहोवा पुलिस आढ़ती के बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है। भारतीय किसान यूनियन पिहोवा (भाकियू) ने पिहोवा और इस्माइलाबाद में करीब 100 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया है। भाकियू ने घोटाले के सबूत प्रशासन को सौंपकर कार्रवाई की मांग भी की। गुरुद्वारे की 225 एकड़ जमीन का कराया था पंजीकरण गुरुद्वारा सचखंड ईशर के सेवादार राव वरिंद्र सिंह ने मार्केट कमेटी पिहोवा को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे की करीब 225 एकड़ जमीन का पंजीकरण CSC संचालक विजय कुमार से करवाया था। लगाया कि विजय ने इसमें से कुछ जमीन का अवैध तरीके से अपने नाम पंजीकरण कर लिया। शिकायत के आधार पर मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह ने 3 नवंबर को पुलिस को पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसके साथ बैंक स्टेटमेंट, पंजीकरण की कॉपी और गेट सूची भी भेजी गई थी। भाकियू ने आरोप लगाया कि विजय ने उसकी पत्नी के नाम पर भी धान का पंजीकरण चोरी किया। अलग-अलग फर्मों पर धान बेचने का आरोप भाकियू पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने आरोप लगाया कि विजय कुमार ने अपनी के नाम भी फर्जी फसल पंजीकरण करवाया। इसके बाद पिहोवा अनाज मंडी में मुनीम विजय और गुरमीत के जरिए अलग-अलग फर्मों पर धान बेचा गया। धान की पेमेंट मुनीमों ने अपने बैंक खातों और नकद के रूप में वापस ली। इसके बदले 150 रुपए प्रति क्विंटल हिस्सा काटने की बात भी सामने आई है। बायोमेट्रिक मशीन घर ले जाने देने का भी आरोप प्रिंस ने आरोप लगाया कि धान खरीद सीजन के दौरान विजय कुमार की मार्केट कमेटी में बायोमेट्रिक मशीन पर ड्यूटी लगी थी। आरोपी अपने साथ बायोमेट्रिक मशीन घर लेकर जाता था, ताकि किसानों के मंडी में आए बिना ही उनका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जा सके। विजय पर डेरा बाबा मान सिंह और अन्य किसानों की जमीन का भी धोखाधड़ी से अपने नाम पोर्टल पर पंजीकरण करने का आरोप है। घोटाले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच भाकियू पिहोवा का आरोप है कि किसानों की जमीन के रिकॉर्ड का गलत इस्तेमाल कर सरकारी खरीद में फर्जी धान बेचा गया। अब पुलिस फसल पंजीकरण, मंडी के गेट पास, बैंक खातों में आई पेमेंट और संबंधित फर्मों की भूमिका की जांच कर रही है। भाकियू ने 100 करोड़ घोटाले का आरोप लगाया है। इसमें कई आढ़ती और राइस मिलर भी शामिल हैं।