समाचार · बिहार
बिहटा : दरवाजा खुलवाकर ड्राइवर के सिर में मारी गोली, मोबाइल लेकर भागे, एक महीने पहले भी हुई थी फायरिंग

Bihta Driver Murdered : पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने घर का दरवाजा खुलवाकर एक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी. रात करीब 11:30 बजे बाइक सवार दो बदमाश उसके घर पहुंचे और दरवाजा खुलते ही इरफान इमाम उर्फ कल्लू (32) के सिर में गोली मार दी. वारदात के बाद अपराधी उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गये. घटना के समय पत्नी छोटे बेटे के साथ मायके में थी, जबकि बड़ा बेटा घर में सो रहा था. इस हत्याकांड के बाद गांव में दहशत और परिजनों में कोहराम मचा है.
रात 11:30 बजे बाइक से पहुंचे दो युवक, दरवाजा खुलते ही चला दी गोली
जानकारी के अनुसार, इरफान पिछले दो वर्षों से सिमरी गांव में किराये के मकान में पत्नी और दो बेटों के साथ रह रहा था. मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे दो युवक बाइक से उसके घर पहुंचे. दोनों ने दरवाजा खुलवाया. जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला, अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही वह दरवाजे के पास जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद दोनों बदमाश उसका मोबाइल फोन लेकर बाइक से फरार हो गये. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक इरफान की मौत हो चुकी थी. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी.
पत्नी छोटे बेटे के साथ मायके में थी, घर में सो रहा था बड़ा बेटा
वारदात के समय इरफान की पत्नी नेहा परवीन अपने छोटे बेटे के साथ मायके में थी. उसका मायका भी सिमरी गांव में ही है. घर में इरफान के साथ उसका बड़ा बेटा सो रहा था. बताया जाता है कि इरफान और नेहा की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी. उनके दो बेटे हैं. पारिवारिक विवाद के कारण इरफान पत्नी और बच्चों के साथ गांव में ही अलग किराये के मकान में रहने लगा था. वह पेशे से ड्राइवर था और गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. देर रात हुई इस वारदात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
एक माह पहले मौदही गांव के पास पति-पत्नी पर हुई थी फायरिंग
इस हत्याकांड का एक अहम पहलू करीब एक माह पहले हुई फायरिंग की घटना भी है. मृतक की पत्नी नेहा परवीन के अनुसार, वह अपने पति के साथ बाइक से आरा से लौट रही थी. इसी दौरान बिहटा के मौदही गांव के पास उन पर फायरिंग की गयी थी. इस घटना में दोनों बाल-बाल बच गये थे. उस समय भी परिवार काफी भयभीत हो गया था. अब इरफान की हत्या के बाद पत्नी ने इसके पीछे साजिश की आशंका जतायी है. हालांकि, पहले हुई फायरिंग और मंगलवार की रात हुए हत्याकांड के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस पुराने घटनाक्रम को भी जांच के दायरे में रख रही है.
मोबाइल लेकर भागे अपराधी, घटनास्थल से एक खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलने पर बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से एक खोखा बरामद किया. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने मौके से आवश्यक नमूने और साक्ष्य एकत्र किये. हत्या के बाद मृतक का मोबाइल लेकर भागना भी पुलिस की जांच का एक अहम बिंदु है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे ग्रामीणों से सिमरी गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या किये जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. युवक के सिर में गोली लगी थी, जिससे उसकी मौत हो गयी थी. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं.
Also Read : ICSE 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी तो ISC 12वीं का एग्जाम 9 फरवरी से, बिहार के 7300 विद्यार्थी होंगे शामिल, देखें शेड्यूल