Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

छठ पूजा पर UP में नहीं कटेगी बिजली: गांव से शहर तक 24 घंटे मिलेगी सप्लाई, पावर कॉरपोरेशन ने अधिकारियों को किया अलर्ट

INT News11 November 2026 at 09:44 am

UP Power Corporation: छठ पूजा की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. त्योहार के दौरान प्रदेश में बिजली कटौती नहीं करने का फैसला लिया गया है. गांव से लेकर शहर तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. पावर कॉरपोरेशन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने को कहा है. खास बात यह है कि बिजली की छोटी सी खराबी को भी जल्द ठीक कर सप्लाई बहाल करनी होगी.

छठ पूजा पर 24 घंटे बिजली, कटौती पर सख्ती

प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने शक्ति भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिजली व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि भैया दूज और छठ पूजा के दौरान प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहनी चाहिए. अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए.

फाल्ट हुआ तो तुरंत पहुंचेगी मरम्मत टीम

त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार न करना पड़े, इसके लिए मरम्मत टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं. ट्रॉली ट्रांसफार्मरों की पहले से जांच होगी, ताकि ट्रांसफार्मर खराब होने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके. फीडर और ट्रांसफार्मर का लोड भी चेक करने को कहा गया है.

ढीले तार और झुके खंभों पर होगी नजर

पावर कॉरपोरेशन ने बिजली लाइनों की पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए हैं. ढीले तार, झुके खंभे और घरों की छतों के पास से गुजर रही बिजली लाइनों को दुरुस्त कराया जाएगा. छठ घाटों, पूजा स्थलों और मेलों में बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.

बिजली की शिकायत के लिए 1912 पर करें फोन

बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. उपभोक्ता बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. अधिकारियों को अपने फोन सक्रिय रखने और शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं.

छठ व्रतियों को नहीं होगी परेशानी

छठ पूजा के दौरान घरों में तैयारी से लेकर घाटों पर पूजा-अर्चना तक बिजली की जरूरत रहती है. ऐसे में सरकार के इस फैसले से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, किसी तकनीकी खराबी या आपात स्थिति में कुछ समय के लिए आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिसे जल्द बहाल करने की व्यवस्था करने को कहा गया है.

यह भी पढ़ें: न आगे इंजन, न पीछे! फिर भी 52 सेकंड में 100 की रफ्तार पकड़ती है वंदेभारत, जानें कैसे काम करती है यह अनोखी तकनीक