sports
IPL 2027 Trade: हार्दिक पांड्या और अर्शदीप का ट्रेड पूरा, जानें नई टीम में किसे मिलेंगे कितने रुपये

IPL 2027 Trade: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच ट्रेड पूरा हुआ. पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने कप्तान हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया है. वहीं, भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब मुंबई इंडियंस की जर्सी में खेलते नजर आएंगे. दोनों फ्रेंचाइजी के बीच इस बड़े ट्रेड का आधिकारिक ऐलान हो गया है.
इसके साथ ही हार्दिक का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल खत्म हो गया है, जबकि अर्शदीप आठ सीजन पंजाब किंग्स के साथ बिताने के बाद नई टीम से जुड़ेंगे. इस ट्रेड की सबसे खास बात यह है कि दोनों टीमों को भारतीय क्रिकेट के दो बड़े मैच विनर मिले हैं. हार्दिक पांड्या अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और उपयोगी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, जबकि अर्शदीप नई गेंद से विकेट निकालने और डेथ ओवरों में सटीक गेंदबाजी करने में माहिर हैं.
चार बार मुंबई को चैंपियन बना चुके हैं हार्दिक
हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ पुराना और सफल रिश्ता रहा है. उन्होंने 2015 में इस फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल डेब्यू किया था. इसके बाद वह टीम के चार खिताबी अभियानों 2015, 2017, 2019 और 2020 का हिस्सा रहे. मुंबई के लिए सात सीजन खेलने के बाद वह 2022 में गुजरात टाइटंस से जुड़ गए थे.
गुजरात टाइटंस ने उन्हें कप्तानी सौंपी और हार्दिक ने पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बना दिया. इसके बाद 2023 में भी गुजरात ने फाइनल तक का सफर तय किया. 2024 में हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई. अब आईपीएल 2027 में वह पंजाब किंग्स की ओर से खेलते दिखाई देंगे.
हार्दिक के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 162 मुकाबलों में 2,955 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.28 रहा है. गेंदबाजी में भी उन्होंने 82 विकेट अपने नाम किए हैं. ऐसे में पंजाब को एक ऐसा खिलाड़ी मिला है, जो बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदल सकता है.
आठ साल बाद पंजाब किंग्स से अलग हुए अर्शदीप
अर्शदीप सिंह के लिए भी यह ट्रेड किसी नए अध्याय की शुरुआत से कम नहीं है. उन्होंने 2019 में पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था. आठ सीजन तक इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहने के बाद अब वह मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं.
अर्शदीप पंजाब किंग्स के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 96 आईपीएल मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं. उनकी सबसे बड़ी ताकत पावरप्ले में शुरुआती विकेट निकालना और पारी के आखिरी ओवरों में दबाव के बीच गेंदबाजी करना है.
आईपीएल 2025 में अर्शदीप ने 21 विकेट हासिल किए थे, जबकि 2026 के सीजन में उनके नाम 14 विकेट रहे. भारतीय टी-20 टीम के भी प्रमुख गेंदबाजों में शामिल अर्शदीप के आने से मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाजी आक्रमण को नई मजबूती मिलेगी. खासकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में वह टीम को अलग विकल्प देंगे.
हार्दिक और अर्शदीप की कितनी है फीस?
इस ट्रेड में दोनों खिलाड़ियों की फीस भी सामने आ गई है. हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स के लिए 18 करोड़ रुपये में खेलेंगे. मुंबई इंडियंस में उनकी मौजूदा फीस 16.35 करोड़ रुपये थी. यानी पंजाब में शामिल होने के बाद उनकी फीस में 1.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर जुड़ेंगे. इस तरह दोनों फ्रेंचाइजी ने अपने दल में बड़ा बदलाव किया है. आईपीएल 2027 से पहले हुए इस ट्रेड पर अब सभी की नजरें रहेंगी कि नई टीमों के लिए हार्दिक और अर्शदीप कैसा प्रदर्शन करते हैं.