समाचार · मध्य प्रदेश
नवंबर में भी नहीं बढ़ी ठंड:धार में गेहूं-चने की फसल को लेकर किसान चिंतित, दोपहर में 33.3 डिग्री तक पहुंचा तापमान
धार जिले में नवंबर का महीना शुरू होने के बाद भी ठंड का असर तेज नहीं हुआ है। बुधवार को मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिला। सुबह और शाम हल्की ठंड रही, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हुआ। दिन और रात के तापमान में भी काफी अंतर दर्ज किया गया। मंगलवार को रात का तापमान 14 डिग्री, सुबह का 17.3 डिग्री और दोपहर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है, जबकि दोपहर में गर्मी से परेशानी हो रही है। ठंड नहीं बढ़ने से किसानों की चिंता मौसम में ठंड का असर कम होने से किसानों की चिंता भी बढ़ रही है। किसानों के अनुसार, रबी सीजन की फसलों के लिए इस समय ठंड जरूरी है। खासकर गेहूं और चने की अच्छी बढ़वार के लिए अनुकूल तापमान की जरूरत होती है। तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आने से फसलों की बढ़वार को लेकर किसान चिंतित हैं। उन्हें आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की उम्मीद है। दो-तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक जिले में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का असर बढ़ सकता है।