समाचार · हरियाणा
रेवाड़ी में महिला से मीटर रीडिंग के नाम पर ठगी:IGL कर्मचारी बनकर किया फोन, लिंक खोलते ही खाते से निकले 17.40 लाख
रेवाड़ी के बीएमजी सिटी स्थित अंतरिक्ष टावर-2 में रहने वाली महिला को आईजीएल मीटर रीडिंग के नाम पर भेजे गए वॉट्सऐप लिंक को खोलना महंगा पड़ गया। लिंक खोलने के बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से चार ट्रांजेक्शन के जरिए 17 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए। शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शिखा शर्मा ने बताया कि 31 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को आईजीएल मीटर रीडिंग कर्मचारी बताया। इसके बाद 7479973877 नंबर से कॉल करने वाले व्यक्ति ने 8755454857 नंबर से वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजा। शिखा के अनुसार, लिंक खोलते ही उनका फोन हैक होना शुरू हो गया। कॉल करने वाला जैसे-जैसे निर्देश देता गया, वे उसका पालन करती रहीं। इसके बाद उनके बैंक खाते से पैसे कटने शुरू हो गए। चार बार में निकाले 17.40 लाख शिकायत के अनुसार ठगों ने 31 अक्टूबर को चार ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल 17.40 लाख रुपए निकाल लिए। इनमें पहली ट्रांजेक्शन 6 लाख रुपए, दूसरी 3.50 लाख रुपए, तीसरी 3.90 लाख रुपए और चौथी 4 लाख रुपए की थी। ट्रांजेक्शन में एचडीएफसी ईवीसी और स्किल पायलट्स के नाम दर्ज हैं। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित के खाते की जांच के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।