Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बिलासपुर में 13 से 16 नवंबर तक छठ महापर्व:अरपा घाट पर श्रद्धालु देंगे अर्घ्य, कलेक्टर-SSP ने किया निरीक्षण; सुरक्षा-पार्किंग की होगी व्यवस्था

INT News11 November 2026 at 09:52 am

बिलासपुर में अरपा नदी स्थित छठ घाट पर पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 से 16 नवंबर तक होने वाले आयोजन में बिलासपुर सहित आसपास के शहरों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने मंगलवार को छठ घाट का निरीक्षण किया। छठ पूजा मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई जाती है। अब छत्तीसगढ़ में भी यह पर्व उत्साह के साथ मनाया जाने लगा है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है। व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए निर्जला उपवास रखते हैं और डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। 13 नवंबर से शुरू होगा चार दिनी महापर्व छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है और समापन उषा अर्घ्य के बाद पारण के साथ होता है। इस साल 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत होगी। इस दिन व्रती सुबह स्नान कर घर और रसोई की अच्छी तरह सफाई करते हैं। भोजन बनाने में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल का सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। इसी के साथ व्रती छठ के कठिन नियमों का पालन शुरू करते हैं। बिलासपुर के अरपा नदी स्थित छठ घाट पर अरपा मइया की महाआरती होगी। इस दौरान आयोजक अरपा नदी के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लेंगे। दूसरे दिन खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत छठ पूजा का दूसरा दिन 14 नवंबर को मनाया जाएगा। इसे लोहंडा और खरना कहते हैं। इस दिन व्रती सुबह से निर्जला उपवास रखते हैं। शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के प्रसाद में गुड़ की खीर, रोटी और फल शामिल होते हैं। प्रसाद ग्रहण करने के बाद करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य 15 नवंबर रविवार को छठ पूजा का तीसरा दिन होगा। इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचेंगे। बांस के सूप में ठेकुआ, फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे। सूर्यास्त के समय डूबते सूर्य की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना करेंगे। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा 36 घंटे के व्रत का पारण छठ महापर्व का अंतिम दिन 16 नवंबर सोमवार को होगा। इस दिन व्रती सूर्योदय से पहले घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। सूर्यदेव की पूजा और छठी मैया से परिवार के कल्याण की प्रार्थना के बाद व्रत का पारण करेंगे। इसी के साथ करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा होगा और चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन हो जाएगा। कलेक्टर-एसएसपी ने ली बैठक, तैयारियों की समीक्षा की कलेक्टर और एसएसपी ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने नगर निगम और संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देता है। श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ घाट पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित आवागमन, पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए लगाई जाएगी बेरीकेडिंग कलेक्टर ने नदी में उतरने वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। गहरे पानी वाले हिस्सों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए बेरीकेडिंग और जरूरत के अनुसार अवरोध लगाए जाएंगे। घाट पर प्राथमिक उपचार और आपात सहायता की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने आयोजन समिति के स्वयंसेवकों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल मदद मिल सके। प्रवेश-निकास और पार्किंग व्यवस्था पर रहेगा फोकस एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें, इसके लिए पुलिस जरूरी व्यवस्था करेगी। घाट तक आने-जाने वाले रास्तों, प्रवेश-निकास स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात और पार्किंग की ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, बच्चों को साथ रखने और पुलिस, स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की। श्रद्धालुओं की मदद के लिए तैनात रहेंगे स्वयंसेवक आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि अरपा तट पर छठ का आयोजन श्रद्धा के साथ सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। समिति का प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सुविधाजनक माहौल में पूजा-अर्चना का अवसर मिले। प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिति के स्वयंसेवक घाट पर श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं से नदी और घाट की स्वच्छता बनाए रखने और पूजन सामग्री निर्धारित स्थानों पर रखने की अपील की।